सैनी कोतवाली के बुलाकीपुर गांव में शुक्रवार की रात बेखौफ चोर किसान का घर खंगाल ले गए। दीवार फांद कर घर के भीतर घुसे चोर नगदी के साथ गहने, कपडे़ से भरा बक्सा और राइफल उठा ले गए। घटना की जानकारी सुबह परिजनों हुई। सूचना के बाद पुलिस ने गांव के बाहर खेत से राइफल व खाली बक्सा बरामद किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की तफ्तीश शुरू कर दी है। किसान बेटी के निकाह की तैयारी कर रहा था।
सैनी कोतवाली बुलाकीपुर गांव निवासी मो. अफरोज पुत्र इकबाल किसान है। मो. अफरोज अपनी बेटी की शादी की तैयारी में जुटा था। शुक्रवार रात अफरोज गेहूं की मड़ाई कराने भानीपुर गांव गया था। घर पर पत्नी नुसरत जहां, बेटी यासमीन और नाजमीन के साथ मौजूद थीं। रात में दीवार फांदकर दूसरी मंजिल पर पहुंचे चोर आलमारी में रखी लाइसेंसी राइफल के साथ नगदी-गहने से भरा सूटकेस व बक्सा उठा ले गए। गांव के बाहर सूटकेस व बक्सा ले जाने के बाद चोर उसमें रखे 20 हजार रुपये नगद के साथ करीब पांच लाख रुपये के जेवर उठा ले गए। किसान की राइफल चोर खेत में ही फेंक कर भाग निकले थे। घटना की जानकारी पीड़ित परिवार को सुबह हुई।
घर से नगदी जेवर चोरी के साथ राइफल गायब देख परिजनों के होश उड़ गए। खेत की ओर गए गांव के लोग खेत में बिखरे सामान और राइफल देख जानकारी पीड़ित परिवार को दी। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने राइफल व खाली बक्सा व सूटकेस आदि बरामद किया। इसके बाद ग्रामीणों से पूछताछ की। चोरों का सुराग नहीं लगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।