नगर पंचायत करारी के चमनगंज मोहल्ले में शनिवार दोपहर भूमि विवाद को लेकर भाई और भतीजों ने घर में घुसकर एक महिला की हत्या कर दी। हत्यारोपियों ने लाठी-डंडे से महिला को बेरहमी से पीटा था। सिर पर चोट लगने से महिला की मौत हो गई। घटना अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए। करारी पुलिस ने गैरइरादतन हत्या का मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। घटना से पहले महिला के बेटों व आरोपियों के बीच मारपीट हुई थी। थाने में शिकायत करने पर आरोपियों ने दोबारा हमला बोल दिया था।
चमनगंज की नूरजहां (55) पत्नी नफीस ने 35 साल पहले अपने अब्बू कुल्लू से चार हजार में एक मकान खरीदा था। इस मकान में वह परिवार समेत रहती थी। नूरजहां के बड़े बेटे तौफीक अहमद ने करारी में ही दुकान खोल रखी है जबकि अन्य दो बेटे मुश्ताक अहमद व इश्तियाक अहमद सऊदी अरब में रहते हैं। मुश्ताक व इश्तियाक इन दिनों करारी में ही हैं। नूरजहां का परिवार जिस मकान में रहता है उस पर भाई आशिक अली अपना हक जताता है। भाई का कहना है कि यह मकान उसका है। इसको लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा है। शनिवार को नूरजहां अपने बेटे तौफीक के साथ माखौपुर गांव में एक सगाई में जा रही थी। करीब 11 बजे इसी विवाद को लेकर आशिक अली व उसके बेटे सादिक अली, शाहिद और वासिफ अली ने गाली-गलौज शुरू कर दी। तौफीक ने विरोध किया तो मारपीट शुरू कर दी। बीच बचाव मुश्ताक व इतिश्याक ने किया तो उनको भी घायल कर दिया।
तौफीक ने मामले की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए भेजा। यह जानकारी होते ही आशिक अली ने अपने बेटों के साथ दोबारा नूरजहां के घर पर धावा बोल दिया। नूरजहां को लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया। सिर पर चोट लगने से नूरजहां घायल हो गई। शोर मचने पर तमाम लोग इकट्ठा हो गए तो हमलावर भाग निकले। घायल को जब तक परिवार के लोग अस्पताल ले जाते उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। करारी पुलिस ने तौफीक की तहरीर पर आशिक अली व उसके बेटों सादिक अली, शाहिद अली और वासिफ अली के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। करारी एसओ राकेश यादव का कहना है कि गैरइरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है।