पिपरी थाना क्षेत्र के शाहपुर पेरवा गांव में शुक्रवार की रात झोपड़ी में सो रही वृद्धा जिंदा जल मरी। रात झोपड़ी से अचानक उठती लपटें देख घर वाले जब तक उसे बचाने का प्रयास करते सांसे थम चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया है। शनिवार को घर वालों ने लाश का अंतिम संस्कार कर दिया है। वृद्धा की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पिपरी थाना क्षेत्र के शाहपुर पेरवा गांव की रहने वाली सुशीला देवी (50) वासुदेव बेटों से अलग रहती है। बताया जा रहा है रात वह घर के सामने पड़ी झोपड़ी में सो रही थी। रात में अचानक करीब 12 बजे झोपड़ी धू-धूकर जलने लगी। वृद्धा की चीख-पुकार सुन घर-परिवार के लोग जब तक उसे आग से बचाने का प्रयास करते वृद्धा की मौत हो चुकी थी। आनन-फानन में लोगों ने आग बुझाते हुए शव को बाहर निकाला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। झोपड़ी में आग कैसे लगी इस बावत कोई भी कुछ बोलने को तैयार नहीं है। परिजनों का कयास है कि ढ़िबरी से आग लगी है। वृद्धा की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।