कड़ा(कौशाम्बी)। इस्माइलपुर सीएचसी में बुधवार को महिला चिकित्सक और सविंदा कर्मी के बीच तीखी झड़प के बाद जमकर हाथापाई हुई। मारपीट देख मौके पर लोगों का मजमा जमा हो गया। सविंदा कर्मी का आरोप है कि जबरन उससे प्रपत्र टाइपिंग कराने का दबाव बनाया जा रहा था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। चिकित्साधिकारी ने महिला चिकित्सक के खिलाफ मुख्य चिकित्साधिकारी को कार्रवाई के लिए पत्र भेज दिया है। बताया कि दोनों पक्षों के साथ मौजूद लोगों से जानकारी करने के बाद कार्रवाई के लिए अफसरों को अवगत कराया गया है।
कड़ा ब्लाक के इस्माइलपुर सीएचसी में छिबरा बानो संविदा कर्मी है। बताया कि बुधवार की दोपहर वह कार्यालय में जरूरी कार्य निपटा रही थी। तभी महिला चिकित्सक प्रतिभा गुप्ता पहुंची और प्रपत्र फौरन टाइप करने के लिए कहा। इस पर जब उसने थोड़ी देर बाद कार्य करने को कहा तो वह उलझ गई। तीखी झड़प के बाद महिला चिकित्सक मारपीट पर अमादा हो गई। इस दौरान दोनों के बीच हाथापाई देख मौके पर लोगों का मजमा इकट्ठा हो गया। मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव करते हुए मामले की जानकारी चिकितसाधिकारी को दी। अस्पताल पहुंचे चिकित्साधिकारी संतोष कुमार गुप्ता ने विवाद की जानकारी की। बताया कि महिला चिकित्सक की मनमानी पर अस्पताल में विवाद हुआ है। सीएमओं को चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई को पत्र व्यवहार किया गया है।