सिराथू/पइंसा (कौशाम्बी)। पइंसा के उदिहिन गांव के युवक नीबू लाल की ससुराल में पेड़ पर रस्सी से लटकती लाश मिली थी। ससुरालियों पर युवक की हत्या कर शव पेड़ से लटकाए जाने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों के साथ धाता-सिराथू मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सूचना पर पुलिस फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुंचे सीओ सिराथू ने कार्रवाई का अश्वासन देकर किसी तरह ग्रामीणों को समझाते हुए जाम खत्म कराया।
बता दे कि पइंसा थाना क्षेत्र के उदहिन बुर्जुग निवासी नीबू लाल (30) पुत्र स्वर्गीय लल्लू की ससुराल मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के गंभीरा गांव मे थी। पत्नी शांति देवी किसी बात से नाराज होकर अपने मायके में रह रही थी। नींबू लाल उसे बुलाने के लिए बुधवार की शाम ससुराल गया था। इस दौरान बृहस्पतिवार को उसका शव ससुराल में एक पेड़ से लटकता हुआ पाया गया। ससुराल में युवक के मारे जाने की खबर लगते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। मृतक की बहन रीता देवी और भाई सुरेंद्र कुमार सैकड़ो ग्रामीणों के साथ उदहिन पहुंच धाता सिराथू मार्ग पर चक्का जाम कर दिया।
सुबह 6 बजे शुरू हुआ जाम 8 बजे तक जारी रहा। परिजनो का खुला आरोप था कि नींबू लाल की ससुरालीजनों द्वारा हत्या कर शव फांसी के फंदे से लटका कर फरार हो गए हैं। इस हत्याकांड में युवक की पत्नी शांति भी शामिल है। सूचना पर सीओ सिराथू जनार्दन तिवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बात कर उन्हें आश्वस्त किया कि उनके साथ पुलिस इंसाफ करेगी। अगर युवक की हत्या हुई है तो इसका खुलासा पीएम रिपोर्ट में हो जाएगा। हर हाल में हत्यारों को पुलिस सलाखों के पीछे भेजने का काम करेगी। सीओ के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम खत्म कर दिया।