सैनी कोतवाली के कछुआ गांव के सामने हाईवे पर शुक्रवार की सुबह हाईटेंशन विद्युत तार टूटकर गिर गया। इसके चलते मौके पर अफरातफरी मच गई। दोनों तरफ हाईवे पर जाम लग गया। गनीमत रही कि स्थानीय युवक ने हिम्मत से काम लेकर वाहनों को रोकते हुए आपूर्ति बाधित करा दी। युवक की मुस्तैदी से बड़ा हादसा टल गया।
कंथुआ पावर हाउस से इलाके में आपूर्ति के लिए निकली 11 हजार लाइन का तार शुक्रवार की सुबह चिड़िया बैठते ही स्पार्क करने लगा। इस दौरान चिंगारी इतनी तेज उठी कि हाई बोल्टेज तार टूटकर जीटी रोड पर गिर गया। टूटकर गिरे तार को स्थानीय युवक लवकुश मौर्य ने देखा तो सड़क पर चिंगारी उठ रही थी। करंट होने की जानकारी होते ही उसने सोर मचाते हुए सड़क पर गुजर रहे वाहनों को किसी तरह रोका। वाहनों के रुकने के बाद वह भागते हुए उपकेंद्र पहुंचा और जेई ज्ञान बहादुर मौर्य को जानकारी दी।
जेई ने फौरन आपूर्ति बाधित कराते हुए लाइनमैनों को मौके पर भेजा। इस दौरान लगभग आधे घंटे तक जीटी रोड दोनो तरफ जाम रहा। टूटा तार जोड़े जाने के बाद यातायात बहाल हो सका। टूटकर गिरे तार के बावत जेई से पूछा गया तो उनका कहना था कि तार जर्जर नहीं है चिड़िया बैठने के बाद अर्थ मिलने पर स्पार्क होने पर टूटा है। बहरहाल स्थानीय युवक की मुस्तैदी के चलते जीटी रोड पर बड़ा विद्युत हादसा होते-होते बच गया।
शार्ट सर्किट से छप्पर में लगी आग
सिराथू तहसील के भैरांवां मजरा टांडा में गुरुवार की शाम बिजली की चिंगारी से एक मजदूर का छप्पर जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। घटना में मजदूर का तकरीबन 20 हजार का नुकसान हुआ है।
भैरावां निवासी बरातीलाल पुत्र विनय कुमार के घर के ऊपर से हाई वोल्टेज विद्युत तार गुजरा है। गुरुवार की शाम तार स्पार्किंग से निकली चिंगारी बरातीलाल के छप्पर में पहुंच गई। देखते ही देखते छप्पर धूं-धूंकर जलने लगा। शोर मचाने पर जुटे ग्रामीणों ने घंटे भर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित के मुताबिक चारपाई, बिस्तर, बर्तन समेत तकरीबन 20 हजार का सामान जलकर राख हो गया।