सातवें चरण का चुनाव संपन्न कराने के बाद सिपाही ओर होमगार्ड जवानों को लेकर बस कानपुर लौट रही थी। गुरुवार की सुबह चालक ने कमासिन के पास बस रोक दी। सिपाही व होमगार्ड नीचे उतरकर खड़े थे। इसी दौरान पीछे से आई रोडवेज बस ने टक्कर मार दिया। हादसे में आधा दर्जन होमगार्ड व सिपाही घायल हो गए। घायलाें को जिला अस्पताल से कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया है।
सातवें चरण का चुनाव के लिए कानपुर व आगरा के होमगार्ड पुलिस कर्मी वाराणसी भेजे गए थे। चुनाव ड्यूटी खत्म होने पर सभी एक रोडवेज बस में बैठकर वापस कानपुर जा रहे थे। गुरुवार की सुबह कमासिन चौराहा के समीप बस चालक ने एक चाय-पान की दुकान के सामने बस रोकी। बस में बैठे होमगार्ड व पुलिस कर्मी चाय पीने के लिए नीचे उतरे और रोडवेज के आगे खड़े हो गए। इसी दौरान पीछे से आई एक रोडवेज ने खड़ी बस में टक्कर मार दिया। हादसे में होमगार्ड रामअधार निवासी रमपुरा झांसी, दशरथ लाल निवासी गरौड़ा झांसी, सिपाही जितेन्द्र सिंह व नीतू सिंह निवासी आगरा समेत छह लोग जख्मी हो गए।
बस चालक वीरन कुमार निवासी इटावा को चोटें आई हैं। हादसा होते ही मौके पर आसपास के लोग पहुंचे। सूचना पुलिस को दी गई। गंभीर रूप से घायल रामआधार, दशरथ लाल, जितेंद्र सिंह व नीतू को जिला अस्पताल लाया गया। हालत नाजुक होने पर इनको कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी होने पर एएसपी आशुतोष मिश्र, मंझनपुर कोतवाल मो. हासिम के साथ पहुंचे। सदर कोतवाली पुलिस ने वाहन का इंतजाम कर घायलों को कानपुर भिजवाया।