मंझनपुर। फतेहपुर में ब्याही दोआबा की एक बेटी को दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने बेरहमी से पीटा। इसके बाद केरोसिन छिड़ककर उसे जिंदा जलाने का प्रयास किया। पीड़िता ने बुधवार को इसकी शिकायत एसपी से की है।
पश्चिमशरीरा निवासी सुरेखा पत्नी रामलाल ने बताया कि उसका विवाह करीब दो साल पहले फतेहपुर जिले के धाता में हुआ है। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर ससुराली विवाहिता को प्रताड़ित करने लगे। इसकी जानकारी होने पर रिश्तेदारों ने पंचायत की। सभी ने ससुराल वालों को समझाया। पर, उनके रवैये में सुधार नहीं हुआ। पीड़िता की मानें तो दो दिन पहले ससुरालीजनों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद मिट्टी का तेल छिड़ककर आग के हवाले करने का प्रयास किया। गनीमत ये रही कि चीख-पुकार पर जुटे ग्रामीणों ने जान बचा ली। एसपी प्रदीप गुप्ता ने आरोपों को गंभीरता से लेते हुए परिवार परामर्श केन्द्र प्रभारी को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।