चायल (ब्यूरो)। परिवारिक कलह से तंग आकर सोमवार की सुबह पुरामुफ्ती कोतवाली के मादपुर गांव में अधेड़ ने जहर खाकर जान दे दी। जानकारी होने पर परिवार के लोग आनन-फानन में उसे लेकर इलाहाबाद अस्पताल के लिए रवाना हुए। इस दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। युवक की मौत से घर परिवार में कोहराम मचा है।
पुरामुफ्ती कोतवाली के मादपुर गांव निवासी हरिश्चंद्र उर्फ छेद्दन (45) पुत्र सुखलाल का किसी बात को लेकर आए दिन परिजनों से विवाद होता था। बताया जा रहा है कि सोमवार की सुबह भी उसकी पिता से कहासुनी हुई थी। इसके बाद उसने जहर (सल्फास) खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए।
घर के लोग आनन-फानन में इमरजेंसी वाहन से उसे लेकर इलाहाबाद अस्पताल के लिए निकल पड़े। हास्पिटल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। अधेड़ की मौत से घर परिवार के लोगों की रो रोकर हालत खराब है। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी है। एसओ विनोद यादव का कहना है कि घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।