दहेज में बाइक की मांग पूरी नहीं होने पर कसिया गांव में ब्याही गई युवती को ससुरालवालों ने पीटकर घर से भगा दिया। इसे लेकर मायके और ससुरालवालों के बीच पंचायत भी हुई। पर, बात नहीं बनी। सोमवार को पीड़िता ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। एसपी ने एसओ कोखराज को जांच करके दहेज लोभियों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया है।
पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के निजामपुर गांव की रहने वाली आशिया ने बताया कि साल भर पहले उसका निकाह कोखराज के कसिया गांव निवासी मोहम्मद फाजिल से हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल के लोग मायके से दहेज के रूप में बाइक और 20 हजार रुपये नगदी की मांग करने लगे।
मांग पूरी कराने के लिए उसे प्रताड़ित भी किया जाने लगा। परिजनों के साथ मिलकर पति भी उसकी बेरहमी से पिटाई करने लगा। हफ्तेभर पहले ससुरालवालों ने उसे पीटकर घर से भगा दिया। मायके पहुंची युवती की दशा देख परिजन सन्न रह गए। मायकेवालों ने बेटी की ससुराल आकर समझाने की कोशिश की। दोनों परिवारों के बीच पंचायत भी हुई। आरोप है कि बगैर मांग पूरी किए ससुराल के लोग विवाहिता को विदा कराने को तैयार नहीं हुए। सोमवार को मंझनपुर पहुंची पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। एसपी वीके मिश्र ने एसओ कोखराज को जांच करके कार्रवाई का निर्देश दिया है।