मंझनपुर (ब्यूरो)। सैनी बाजार में शुक्रवार को पैसे के लेन-देन में दुकानदार का गांव के ही कुछ लोगों से झगड़ा हो गया। कहासुनी के दौरान दोनों पक्ष भिड़ गए। इनके बीच मारपीट भी हुई। आरोप है कि हाथापाई के बाद युवकों ने दुकान में हमला करके तोड़फोड़ की। हमलावरों ने दुकान में रखा सामान बाहर फेंक दिया। दरवाजे तोड़ डाले। हंगामे से मौके पर अफरातफरी मच गई। दोनों पक्ष ने एक दूसरे पर हमले का आरोप लगाते हुए सोनी कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है। एसओ सैनी ने बताया कि मामूली बात पर झगड़ा हुआ है। दोनों ओर से मिली तहरीर पर रिपोर्ट लिखकर घटना की छानबीन की जा रही है।
सैनी बाजार निवासी कृष्ण कुमार पुत्र श्याम लाल की कस्बे में ही किराने की दुकान है। उसने बताया कि शुक्रवार की शाम कस्बे के ही कुछ युवक उसकी दुकान पर सामान की खरीददारी करने के लिए आए थे। सामान खरीदने के बाद युवक कम पैसे दे रहे थे। इसे लेकर दुकानदार की युवकों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि कहासुनी के दौरान युवकों ने दुकान में हंगामा करना शुरू कर दिया। इनके बीच हाथापाई हुई। मारपीट के साथ ही दबंगों ने दुकान में हमला कर दिया। आरोप है कि दुकान में घुसकर तोड़फोड़ की गई।
सामान बाहर फेंक दिया गया। दुकान के दरवाजे भी हमलावर ने तोड़कर क्षतिग्रस्त कर डाले। उधर, दुकान में हंगामा, मारपीट और तोड़फोड़ से कस्बे में हड़कंप मच गया। चीख-पुकार पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों को जुटते देख हमलावर धमकियां देते हुए भाग निकले। उधर, मारपीट थमने के बाद दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए सैनी कोतवाली को पुलिस को तहरीर दी। मामले में कोतवाली प्रभारी श्री प्रकाश यादव ने बताया कि मामूली विवाद पर दो पक्ष के लोगों में हाथापाई हुई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घटना की तफ्तीश की जा रही है। उधर, घटना को लेकर गांव में तनातनी बनी हुई है।