बारा (कौशाम्बी)। रिश्तेदार की हत्या में नामजद कौशाम्बी के बेहन का पुरा गांव के रहने वाले प्रदीप कुमार की शनिवार को संदिग्धदशा में मौत हो गई। खुद की दुकान के भीतर उसकी लाश फंदे से लटकती मिली। घरवालों के मुताबिक उसकी तलाश में कानपुर पुलिस ने दबिश दी थी। पुलिस की प्रताड़ना के भय से उसने आत्महत्या कर ली। परिजन मौत के लिए कानपुर पुलिस को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। सूचना पर पहुंची कौशाम्बी कोतवाली पुलिस छानबीन में जुटी है। एसओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के बेहन का पुरा गांव निवासी हीरालाल ने बताया कि उसके बेटे प्रदीप कुमार उर्फ लाला (25) की शादी कानपुर के गोपाल नगर मोहल्ले की रहने वाली रानी देवी से हुई थी। घरवालों के मुताबिक 31 दिसंबर को वह पत्नी को विदा कराने कानपुर गया था। जहां किसी बात को लेकर उसका पत्नी के भाई पंकज पुत्र भैरों प्रसाद से विवाद हो गया। इसी बीच संदिग्ध परिस्थितियों में पंकज की मौत हो गई।
ससुरालवालों ने प्रदीप पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। उधर, एफआईआर होने की भनक लगते ही प्रदीप घर भाग आया। बताया जाता है कि प्रदीप की तलाश में शनिवार को अपराह्न करीब तीन बजे कानपुर पुलिस बेहन का पुरवा गांव आई थी। बताया जाता है कि उस समय प्रदीप अपनी किराने की दुकान में बैठा था। उसने तत्काल दुकान का शटर गिरा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक प्रदीप की तलाश में आई पुलिस ने जैसे ही दुकान का शटर उठाया। पंखे के हुक में प्रदीप की लाश फंदे से लटकती मिली। बताया जाता है कि शव लटकते देख कानपुर पुलिस चुपचाप भाग निकली। उधर, मौत से घर-परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना पर पहुंची कौशाम्बी कोतवाली पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के लिए घरवाले कानपुर पुलिस को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। मामले में एसओ कौशाम्बी शिव आसरे ने बताया कि कानपुर पुलिस गिरफ्तारी के लिए आई थी। अब युवक ने क्यों खुदकुशी की। इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तफ्तीश के बाद घटना का सच सामने आएगा। एसओ ने बताया कि अभी तक घरवालों की तरफ से उन्हें कोई तहरीर भी नहीं मिली है। वहीं युवक की अचानक हुई मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।