पूरामुफ्ती बाजार में किराए का कमरा लेकर रहने वाले एक युवक की शुक्रवार शाम करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। वह मकान मालकिन के धमकाने पर तार जोड़ने के लिए विद्युत खंभे पर चढ़ा था। मृतक की बीवी की तहरीर पर पुलिस ने तीन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पूरामुफ्ती इलाके के केशवपुर गांव का प्रदीप साहू (28) मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाता था। इन दिनों वह परिवार सहित पूरामुफ्ती बाजार में किराए का कमरा लेकर रह रहा था। उसकी पत्नी संजू देवी ने बताया कि शुक्रवार शाम प्रदीप मजदूरी करके लौटा तो मकान मालकिन ने विद्युत खंभे पर चढ़कर टूटी हुई तार जोड़ने के लिए कहा। मना करने पर मकान खाली करा देने की धमकी दी। इससे सहमा प्रदीप खंभे पर चढ़कर तार जोड़ने लगा। तभी करंट की चपेट में आने से नीचे गिर गया। एसआरएन अस्पताल प्रयागराज में उसकी मौत हो गई। शनिवार सुबह सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने मकान मालकिन रानी देवी, उसकी बेटी पूजा और दामाद शानू के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है।