मूरतगंज। कोखराज कोतवाली के सामने मंगलवार सुबह सड़क किनारे खड़े बिगड़े हुए ट्रक से एक तेज रफ्तार ट्रक भिड़ गया। हादसे में उसके चालक की मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है। कासगंज जिले के सिड़पुरा थाना स्थित नगला चेतराम गांव का विपिन सिंह (40) पुत्र जयसिंह ट्रक चालक था। मंगलवार सुबह वह हरी मटर लादकर जालौन से कोलकाता जा रहा था। कोखराज कोतवाली के सामने कोहरे की बदौलत समझ नहीं पाया और उसका ट्रक सड़क किनारे खड़े बिगड़े हुए दूसरे ट्रक से जा भिड़ा।
टक्कर इतनी जोरदार हुई कि चालक विपिन की मौके पर ही मौत हो र्गई। वहीं, परिचालक मुकेश घायल हो गया। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक में फंसे मृतक चालक के शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित परिजन बदहवास हालत में कोखराज पहुंच गए थे।