कौशाम्बी थाने के लोहकट गांव में शनिवार की रात एक किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी चाचा शव को यमुना नदी में फेंक कर फरार हो गया। घटना के दो दिन बाद चौकीदार की सूचना पर हरकत में आई पुलिस गांव पहुंची। जांच के बाद पुलिस ने चौकीदार की तहरीर पर हत्यारोपी युवक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और अपराध छिपाने का मामला दर्ज कर लिया है।
कौशाम्बी थाना क्षेत्र के लोहकट (बेरौंचा) गांव निवासी राम मिलन(17) पुत्र अशोक निषाद शनिवार की रात अपने घर के बाहर बैठा अलाव ताप रहा था। उसके साथ पड़ोस के भी लोग बैठे थे। इसी दौरान सामने से राम मिलन को चाचा रामबहादुर ने तमंचे से गोली मार दी। सीने में गोली लगने से राम मिलन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। घरों के बाहर बैठे लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए। हत्या करने के बाद चाचा शव को लेकर यमुना नदी किनारे पहुंचा।
शव को नाव में लादकर यमुना की बीच धारा में फेंक कर फरार हो गया। घटना को लेकर परिजनों ने चुप्पी साध रखी थी। इसकी जानकारी गांव के चौकीदार रामजी ने सोमवार की शाम सूचना कौशाम्बी थाने के इंस्पेक्टर संगम लाल मिश्र को दी। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर फोर्स के साथ लोहकट गांव पहुंचे। परिजनों से पूछताछ करने के बाद ग्रामीणों से भी सवाल-जवाब किया गया। इसके बाद चौकीदार रामजी की तहरीर पर पुलिस ने किशोर के चाचा रामबहादुर निषाद के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया। रामबहादुर के खिलाफ शव छिपाने की भी रिपोर्ट लिखी गई है। इंस्पेक्टर का कहना है कि मंगलवार को यमुना नदी में जाल डलवाकर शव को खोजवाया जाएगा।