मानसिक तनाव में होने से एक युवक ने मौत का रास्ता चुनने की कोशिश की। सिराथू रेलवे स्टेशन के समीप सोमवार को इंजीनियरिंग का एक छात्र रेलवे पटरी पर लेट गया। आसपास मौजूद लोगों ने ट्रेन आने के पहले युवक को बचा लिया। इस बीच रेलवे पुलिस भी पहुंच गई।
कानपुर के जवाहर गंज मोहल्ले का रहने वाला तनय कुमार पुत्र श्रवण कुमार इंजीनियरिंग का छात्र है। वह इलाहाबाद में रहकर पढ़ाई करता है। घरवालों की उम्मीद को पूरा करने का दबाव लगातार उस पर बना रहता था। सोमवार की सुबह वह संगम से सिराथू रेलवे स्टेशन पर उतरा। इसके बाद वह काफी देर तक स्टेशन पर ही घूमता रहा। इसी बीच स्टेशन से कुछ दूरी पर जाने के बाद रेल पटरी पर लेट गया। युवक को रेल पटरी पर लेटा देख लोग शोर मचाते हुए मौके पर पहुंचे। किसी तरह उसको रेल पटरी के ऊपर से उठाया गया। युवक को हटाते ही जलंधर एक्सप्रेस आ गई। जानकारी होने पर जीआरपी इंस्पेक्टर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पूछताछ के दौरान युवक ने बताया कि वह मां-बाप की उम्मीदें पूरी नहीं कर पा रहा है, इससे वह तनाव में था। जीआरपी ने इसकी सूचना छात्र के माता-पिता को दी। छात्र को परिजनों के हवाले कर दिया गया है।