कस्बे के मेहता रोड स्थित कारोबारी का घर मंगलवार की रात चोर खंगाल ले गए। दीवार फांदकर छत के सहारे भीतर पहुंचे बेखौफ चोर नकदी समेत करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति उठा ले गए। घटना की जानकारी कारोबारी को सुबह हुई। घर का बिखरा सामान देख भुक्तभोगी के होश उड़ गए। पड़ोसी के घर चोरी की भनक लगते ही मौके पर लोगों का मजमा जमा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद कारोबारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
कोखराज थाना क्षेत्र के मेहता रोड भरवारी निवासी राजू पुत्र सुरेश चंद्र टेंट का कारोबारी है। मंगलवार को पत्नी और बच्चे ननिहाल चले गए। परिवार के जाने के बाद वह घर पर अकेला था। आधी रात दीवार फांदकर छत के सहारे घर के भीतर घुसे बेखौफ चोरों ने जिस कमरे में राजू सो रहा था। उसमें कुंडी लगा दी। इसके बाद आलमारी का ताला तोड़कर 70 हजार रुपये नकदी, सोने-चांदी के गहने, बर्तन, कपड़े आदि करीब तीन लाख रुपये का सामान पार कर दिया।
घटना को अंजाम देने के बाद बेखौफ चोर भाग निकले। घटना की जानकारी भुक्तभोगी कारोबारी को सुबह जगने के बाद हुई। कारोबारी के घर लाखों की चोरी की भनक लगते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना के बाद घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद भुक्तभोगी की तहरीर पर चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। कस्बाइयों का आरोप है कि पुलिस की प्रभावी गश्त नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद है। पुलिस गश्त के नाम पर खाना पूर्ति करके चली जाती है। जिसके चलते चोरों के हौसले बुलंद हैं।