बिहार के नालंदा जिले से अगवा एक किशोर रविवार शाम कौशाम्बी के सैयद सरावां रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेन से कूद गया। उसने घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस पूछताछ करने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी। सोमवार सुबह चरवा थाने पहुंचे परिजनों को पुलिस ने किशोर को सौंप दिया।
बिहार के नालंदा जिले के लालबीहा गांव निवासी सोनू कुमार (15) रविवार सुबह घर से बाजार की ओर जा रहा था। बताया कि इसी बीच तभी ोलेरो सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने उसे पकड़ा और जबरदस्ती वाहन में बैठा लिया। इसके बाद उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। होश में आने पर उसने खुद को ट्रेन में पाया। कहां से उसे कब ट्रेन में बैठाया गया? उसे इसकी जानकारी नहीं है।
चरवा के सैयद सरावां रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेन खड़ी देखी, तो कूदकर गांव की ओर भाग निकला। गांव में किशोर ने लोगों के सामने रोते हुए घटना की जानकारी दी। घटना सुनकर सैयद सरावां के ग्रामीण स्तब्ध रह गए। ग्रामीणों ने ट्रेन से कूदकर गांव आए किशोर की बावत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस पूछताछ करने के बाद किशोर को थाने ले गई। नाम-पता पूछने के बाद घटना की जानकारी नालंदा पुलिस के साथ उसके परिजनों को दी। सोमवार सुबह थाने पहुंचे किशोर के परिजन लिखापढ़ी करके उसे अपने साथ लेकर गांव चले गए।
एसओ चरवा उमाशंकर यादव ने बताया कि किशोर के परिजन भी यह नहीं बता सके कि उसके बेटे को किसने और क्यों अगवा किया था?