रंजिश में गौरैए गांव के एक दबंग परिवार ने पड़ोसी के घर हमला करके जमकर उत्पात मचाया। घर में तोड़फोड़ की। विरोध करने पर महिला को पीटकर लहूलुहान कर दिया। चीख-पुकार पर गांववालों के आते देख आरोपी धमकियां देते हुए भाग निकले। पुलिस के सुनवाई नहीं करने पर भुक्तभोगी ने मंगलवार को एएसपी से शिकायत की।
कौशाम्बी थाना क्षेत्र गौरैए गांव निवासी शिवलाल की पड़ोसी से जमीन को लेकर काफी दिनों से मनमुटाव चल रहा है। इसी रंजिश में सोमवार शाम पड़ोसी और शिवलाल की पत्नी के बीच झगड़ा हो गया। कहासुनी के थोड़ी देर बाद ही पड़ोसी ने परिवार के सदस्यों के साथ उसके घर में हमला कर दिया। लाठी-डंडे लेकर आए हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ की। विरोध करने पर शिवलाल की पत्नी शिवकली को पीटकर लहूलुहान कर दिया।
शोर पर ग्रामीणों को आते देख हमलावर धमकियां देते हुए भाग निकले। सूचना पर पति भी घर पहुंचा। इसने पिटाई से जख्मी पत्नी को नजदीक के अस्पताल में इलाज कराया। घटना की सूचना कौशाम्बी थाने को दी। आरोप है कि पुलिस ने जांच के बाद एफआईआर लिखने की बात कहकर उसे लौटा दिया। इलाकाई पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने पर मंगलवार को भुक्तभोगी ने मंझनपुर पहुंचकर अपर पुलिस अधीक्षक को घटना से अवगत कराया। एएसपी ने एसओ कौशाम्बी को जांच करके कार्रवाई का निर्देश दिया है।