करारी इलाके की एक विवाहिता के साथ बुधवार की रात गांव के ही एक युवक ने दुराचार किया। पीड़िता थाने गई तो उसे ही डांटकर भगा दिया गया। दो दिनों तक थाने का चक्कर लगाने के बाद शनिवार को विवाहिता ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। एसपी ने एसओ को जांच करके कार्रवाई का निर्देश दिया है।
करारी थाना क्षेत्र का एक व्यक्ति मुंबई में नौकरी करता है। यहां गांव में उसकी पत्नी अकेली रहती है। बुधवार की रात विवाहिता घर में सो रही थी। आधी रात पड़ोस का रहने वाला एक युवक दीवार फांदकर उसके यहां कूद गया। सो रही विवाहिता को दबोचकर उसने उसके साथ दुराचार किया। चीख-पुुकार मचाने की कोशिश करने पर उसने तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। दुष्कर्म करने के बाद कहीं भी किसी के सामने इस घटना की शिकायत करने पर पूरे परिवार को मारने की धमकी देते हुए वह भाग निकला। उधर, युवक के भाग जाने के बाद विवाहिता चीखने-चिल्लाने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग जुट गए।
विवाहिता ने सिसकते हुए पड़ोसी युवक की सारी कारस्तानी लोगों को बता दी। इतना ही नहीं दूसरे दिन सुबह ही वह तहरीर लेकर थाने पहुंच गई। आरोप है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उससे एक सादे कागज पर हस्ताक्षर कराने के बाद डांटकर थाने से भगा दिया। दो दिनों तक रिपोर्ट लिखाने को थाने का चक्कर लगाती रही विवाहिता शनिवार को मंझनपुर आई। उसने पुलिस अधीक्षक को शिकायतीपत्र देकर घटना की जानकारी दी। साथ ही इलाकाई पुलिस द्वारा रिपोर्ट नहीं लिखने की शिकायत भी की। पुलिस अधीक्षक ने एसओ करारी को घटना की जांच करके रिपोर्ट लिखने और अभियुक्त के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया है।