पेड़ कब्जे के विवाद में शनिवार की सुबह कुम्हियावां गांव के दो परिवार के लोगों में झगड़ा हो गया। कहासुनी के दौरान दबंग पड़ोसी ने लाठी-डंडे से अधेड़ और उसके बेटे पर हमला कर दिया। लाठी और धारदार हथियार के हमले से दोनों जख्मी हो गए। गंभीर हालत में दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भुक्तभोगी की तहरीर पर पुलिस ने दो हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घटना से दोनों परिवारों में तनातनी बनी है।
महेवाघाट थाना क्षेत्र के कुम्हियावां गांव निवासी अमरेंद्र कुमार का पड़ोसी से पीपल के पेड़ को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा है। शनिवार की सुबह अमरेंद्र खेत की ओर गया था। घर लौटते समय वह इसी पीपल के पेड़ के समीप खड़ा हो गया। तभी वहां पहुंचे गांव के मुन्ना ने इस पेड़ को अपनी जमीन में होना बताते हुए उसके वहां खडे़ होने पर एतराज जताया। इसी बात पर इन दोनों के बीच झड़प होने लगी। कहासुनी होती देख मुन्ना के परिवार का एक और सदस्य वहां आ गया। दोनों ने लाठी-डंडे से अमरेंद्र पर हमला कर दिया।
मारपीट का शोर सुनकर अमरेंद्र के पिता कंधईलाल ने आकर बीच बचाव की कोशिश की, तो हमलावरों ने अधेड़ पर भी हमला कर दिया। मारपीट की इस घटना में बाप-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार पर गांववाले दौड़े। ग्रामीणों को आता देख हमलावर धमकियां देते हुए भाग निकले। उधर, खून से लथपथ अधेड़ और उसके बेटे को जमीन पर पड़ा देख गांववालों के होश उड़ गए। ग्रामीणों ने घायलों को उठाकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया और घटना की जानकारी पुलिस को दी। उधर, डाक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने अमरेंद्र की तहरीर पर मुन्ना समेत दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि पेड़ के विवाद में मारपीट की घटना हुई है। हमलावरों की तलाश की जा रही है।