सादाबाद। थाना क्षेत्र के ग्राम अरौठा में 19 दिसंबर की रात को दो मजदूरों के साथ अपने खेत में पानी लगाने गए 62 वर्षीय किसान रामपाल की उस समय हत्यारों ने निर्मम हत्या कर दी थी जब वह अपने नलकूप की कोठरी में आकर चारपाई पर सो गया था। घटना की रिपोर्ट मृतक के भाई लोटन सिंह पुत्र बाबूलाल ने थाने में अज्ञात के विरुद्ध दर्ज करायी थी। पुलिस ने उक्त घटना का शनिवार को अनावरण किया है। पुलिस ने इस हत्या के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
घटना के संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक विजय शंकर राय ने बताया कि घटना की तफ्तीश के दौरान प्रकाश में आया कि अभियुक्त नवनिर्वाचित बीडीसी कालीचरन उर्फ करुआ के घर पर अभियुक्त वेदवीर, प्रमोद, रनवीर शराब पिया करते थे और रनवीर शराब पीने के दौरान इन तीनों को उकसाता रहता था कि रामपाल तुम्हारे घर का होते हुए भी प्रधानी के चुनाव में विरोधियों के साथ रहा।
19 दिसंबर की रात भी चारों ने करुआ के घर शराब पी और उस समय भी रनवीर ने फिर से इन्हें उकसाया कि रामपाल का काम तमाम कर दो। चारों लोग शराब के नशे में नलकूप की कोठरी पर पहुंच गए जहां रामपाल लेटा हुआ था। कोठरी के बाहर रनवीर व कालीचरन रखवाली पर रहे जबकि वेदवीर व प्रमोद ने कुल्हाड़ी से रामपाल के सिर पर प्रहार कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या करने के बाद कुल्हाड़ी को एक करब के ढेर में छिपा दिया। मुखबिर की सूचना पर एसओ महेशचंद्र यादव, एसएसआई बाबूराम शर्मा, एसआई घनेंद्र शर्मा व हिमांशु शर्मा ने शनिवार की सुबह करीब 8 बजे अभियुक्त वेदवीर पुत्र चंद्रभान, प्रमोद पुत्र नटवरलाल, रनवीर पुत्र सुनहरीलाल निवासीगण अरौठा को दबोच लिया जबकि चौथा अभियुक्त कालीचरन फरार हो गया।
अभियुक्तों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी करब के ढेर से बरामद कर ली गयी। पुलिस ने तीनों अभियुक्तों का चालान कर उन्हें जेल भेजा है।