नगर कोतवाली क्षेत्र की एक किशोरी के साथ बुधवार की शाम गांव के तीन युवकों ने दरिंदगी का प्रयास किया। चीखने चिल्लाने पर युवक ने किशोरी की बेरहमी से पिटाई की। उसके कपड़े फाड़ डाले। चीखें सुनकर दौड़ी उसकी मां को भी पीटकर लहूलुहान कर दिया। चौकी पुलिस के डांटकर भगाने पर भुक्तभोगी मां-बेटी ने घटना की शिकायत एसपी से की। पुलिस अधीक्षक ने मंझनपुर कोतवाल को जांच करके कार्रवाई का निर्देश दिया है।
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की किशोरी बुधवार की शाम करीब 6 बजे घर के सामने बैठी थी। तभी वहां गांव के तीन युवक आए और उसे दबोचकर घर के पीछे खींच ले गए। युवकों ने किशोरी के साथ दरिंदगी की कोशिश की। विरोध करने पर उसकी बेरहमी से पिटाई की। इतना ही नहीं उसके कपड़े भी फाड़ दिए। खुद को बचाने के लिए वह चीखने-चिल्लाने लगी। बेटी की चीखें सुनकर उसकी मां दौड़ी तो उसे भी युवकों ने पीटकर लहूलुहान कर दिया। मां-बेटी की बेरहमी से पिटाई करने के बाद युवक कहीं भी शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। युवकों के भाग जाने के बाद विवाहिता बेटी को लेकर पुलिस चौकी गई। आरोप है कि चौकी पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। बृहस्पतिवार को मंझनपुर पहुंची पीड़ित मां-बेटी ने कोतवाली पुलिस के साथ घटना की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। एसपी ने पीड़िता को जांच और कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।