चायल (ब्यूरो)। सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के पुरखास गांव में शुक्रवार की रात घर के भीतर आग का गोला बनी युवती की मौत हो गई। चर्चा है कि परिजनों की डांट के बाद युवती ने आत्मघाती कदम उठाया है। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए ही शनिवार की सुबह शव का अंतिम संस्कार कर दिया। युवती की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के पुरखास गांव निवासी भैयालाल किसान है।
शुक्रवार की रात उसकी बेटी प्रीति (20) संदिग्ध परिस्थितियों में जल गई। घर के भीतर बेटी को आग का गोला बने देख घरवालों के होश उड़ गए। चीख-पुकार सुनकर घरवाले दौड़े। कमरे में लपटों से घिरी बेटी को देख लोगों की रूह कांप गई। परिवार के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया।
हालांकि जब तक लोग आग बुझाते, प्रीति की जलने से मौत हो चुकी थी। परिजनों ने शनिवार की सुबह बिना पुलिस को बताए शव का अंतिम संस्कार कर दिया। युवती की मौत से घर परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मामले में सरायअकिल कोतवाली प्रभारी विपिन त्रिवेदी ने ऐसी किसी भी घटना की जानकारी से इंकार किया है। वहीं गांव में चर्चा है कि शुक्रवार की शाम किसी बात पर युवती को घरवालों ने फटकार लगा दी थी। इसी डांट से क्षुब्ध होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया है।