कस्बे के चमनगंज मोहल्ले के एक बंद मकान का ताला, कुंडी तोड़कर शनिवार की रात चोर गहने, बर्तन, कपड़े आदि करीब 3 लाख रुपये का माल समेट ले गए। मायके गई विवाहिता के घर लौटने पर घटना की जानकारी रविवार की शाम भुक्तभोगी को हुई। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज करके चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
करारी कस्बे के चमनगंज मोहल्ला निवासी कमरूल अब्बास खाड़ी देश में नौकरी करता है। यहां घर में उसकी बीवी तंजीम बानो अपनी बेटी के साथ रहती है। शनिवार की शाम तंजीम घर में ताला बंद करके बेटी के साथ मायके अगियौना गांव चली गई थी। रविवार की शाम करीब 5 बजे वह घर लौटी, तो मकान के दरवाजे की कुंडी और कमरों के साथ ही संदूक, अटैची, आलमारी आदि का ताला टूटा, सामान बिखरा मिला।
गहने, कपड़े, पीतल, तांबे के कीमती बर्तन आदि सामान भी गायब था। यह देख वह और उसकी बेटी चीखने-चिल्लाने लगी। चीख-पुकार पर आसपास के लोग जुट गए। घर में चोरी से मोहल्ले वाले भी स्तब्ध रह गए। सूचना पर करारी थाने की पुलिस पहुंची। मौका मुआयना करने के बाद पुलिस ने विवाहिता से तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। भुक्तभोगी के मुताबिक चोर उसके घर से करीब 5 तोला सोने के गहने, करीब आधा किलोग्राम चांदी के जेवरात के अलावा पीतल, तांबे के कीमती बर्तन, कपड़े आदि करीब 3 लाख रुपये का सामान उठा ले गए हैं। एसओ राकेश कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करके घटना की छानबीन की जा रही है। प्रयास है कि चोरों को जल्द से जल्द चिह्नित करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाए।