पिपरी के रेही गांव में शनिवार की रात हुई युवक कैलाशचंद्र के कत्ल की वजह पुलिस के लिए पहेली बनी है। परिजनों की खामोशी से पुलिस भी परेशान है। गांव में घटना को लेकर लोग दिन भर तमाम कयास लगाते रहे। सीओ ने बताया कि पुलिस आशनाई समेत अन्य कारणों की बारीकी से जांच कर रही है। मुखबिरों का जाल बिछाया गया है।
पिपरी थाना क्षेत्र के रेही गांव निवासी कैलाश चंद्र (40) की शनिवार की रात हत्या करके लाश धान के खेत में फेंक दी गई थी। मारे गए युवक के पिता की मानें तो उनकी किसी से जमीन आदि को लेकर कोई दुश्मनी नहीं है।
गांववाले भी इस बाबत कोई क्लू नहीं दे पा रहे हैं जबकि दिन भर पुलिस गांव के युवकों के साथ बड़े-बुजुर्गों से भी हत्यारों की बाबत जानकारियां जुटाने में लगी रही। आशनाई में कत्ल की आशंका को भी पुलिस दिन भर खंगालती रही। पर, एक भी व्यक्ति कैलाश चंद्र के चाल-चलन पर अंगुली उठाने वाला नहीं मिला। सीओ चायल रामभवन यादव ने बताया कि पुलिस आशनाई समेत घटना के अन्य कारणों की बारीकी से छानबीन कर रही है। हत्या से जुडे़ कुछ क्लू पुलिस के हाथ भी लगे है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एक-दो दिन की तफ्तीश में सारी सच्चाई सामने आ जाएगी।