पंचायत चुनाव में पहले चरण के मतदान के दिन पिंडरा बूथ पर मारपीट और बवाल करने के मामले में प्रधानपति समेत 8 लोग फंस गए हैं। मारपीट में जख्मी बीडीसी प्रत्याशी की तहरीर पर करारी पुलिस ने प्रधान के पति, बेटे समेत 8 लोगों के खिलाफ बलवा समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। नामजदों में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद का एक उम्मीदवार भी शामिल है।
पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए शुक्रवार को मंझनपुर और मूरतगंज ब्लाक क्षेत्र में मतदान था। इस दौरान मंझनपुर ब्लाक क्षेत्र के पिंडरा बूथ पर अपराह्न करीब एक बजे फर्जी वोटिंग को लेकर बीडीसी प्रत्याशी प्रदीप कुमार मौर्य और मोहम्मद खालिक के बीच तीखी झड़प हो गई। कहासुनी होती देख वहां दोनों पक्ष के अन्य लोग भी आ गए और एक दूसरे से भिड़ गए। इनके बीच जमकर मारपीट हुई। इससे बूथ पर अफरातफरी मच गई। बूथ पर उपद्रव की भनक लगते ही मौके पर डीएम, एसपी फोर्स लेकर पहुंचे। सिपाहियों ने डंडा लेकर उपद्रवियों को खदेड़कर मारपीट में बीडीसी प्रत्याशी प्रदीप समेत घायल हुए आधा दर्जन लोगों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया।
वहीं इलाज कराने के बाद बीडीसी प्रत्याशी प्रदीप कुमार करारी थाने पहुंचा और घटना की नामजद तहरीर पुलिस को दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवार मोहम्मद खालिक, प्रधानपति रमेश कुमार, प्रधान के बेटे रोहित के अलावा अफसर, मुस्लिम, युनुस, उस्मान और मोहम्मद अफजाल के खिलाफ मारपीट, बलवा आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले में प्रधानपति का कहना है कि घटना के समय वह बूथ पर नहीं थे। उन्हें गंवई रंजिश के तहत फंसाया जा रहा है।