अजुहा (ब्यूरो)। सैनी कोतवाली क्षेत्र के भैंरो बाबा मंदिर के पास ट्रेन की चपेट में रविवार की दोपहर एक 50 वर्षीय साधु की मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची सैनी कोतवाली पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कौशाम्बी के पड़ोसी जनपद फतेहपुर के खखरेरू थाना क्षेत्र के बसवां गांव निवासी धिमंगर गोस्वामी (50) पुत्र स्व. वासुदेव बैरागी है।
बताया जाता है कि वह भिक्षाटन करके ही अपने खाने-पीने का इंतजाम करता है। भिक्षाटन के लिए ही अक्सर वह सैनी और अजुहा आता रहता था। रविवार को भी वह गांवों में घूम-घूमकर भिक्षा मांग रहा था। दोपहर करीब 12 बजे वह अजुहा के समीप रेलवे लाइन पार कर रहा था। तभी आई ट्रेन की चपेट में आ गया।
इससे उसके चीथड़े उड़ गए। यह मंजर देख आसपास के खेतों में मौजूद रहे लोगों की रूह कांप गई। चीखते-चिल्लाते लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही साधु के परिजनों को भी हादसे की खबर दी। हालांकि खबर लिखे जाने तक परिवार का कोई भी सदस्य मौके पर नहीं आ सका था।