महेवाघाट थाना क्षेत्र के रविवार की दोपहर खेत की ओर गई विवाहिता के साथ पड़ोसी युवक ने दुराचार का प्रयास किया। विवाहिता के शोर मचाने पर आस-पास के लोगों का आता देख युवक कही भी शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। युवक के चंगुल से छूटी विवाहिता घर पहुंची और आपबीती परिजनों को बताते हुए थाने पहुंची। पीड़िता की तहरीर पर मनचले युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है।
महेवाघाट इलाके के एक गांव की रहने वाली विवाहिता रविवार की दोपहर खेत की ओर गई थी। बताया कि इसी दौरान अकेली देख पहले से घात लगाकर बैठा पड़ोसी युवक उसे दबोच कर खेत की ओर उठा ले गया।
इसके बाद उसके साथ जबरदस्ती का प्रयास करने लगा। युवक के चंगुल में फंसी विवाहिता किसी तरह आबरू बचाते हुए चीखने-चिल्लाने लगी। उधर विवाहिता की चीख सुन आस-पास के खेतों में मौजूद गांव के लोग घटना स्थल की ओर भागे। ग्रामीणों को आता देख युवक कहीं भी शिकायत करने पर विवाहिता को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। मनचले युवक के चंगुल से छूटी विवाहिता घर पहुंची और आपबीती परिजनों को बताई। देर शाम पति के साथ थाने पहुंच पीड़िता ने घटना की नामजद तहरीर पुलिस को दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है। पड़ोसी युवक के दुस्साहस के बाद से पीड़िता डरी-सहमी हुई है।