मादक पदार्थ के तस्करों का सरगना सोमवार को कोतवाली पुलिस के हत्थे चढ़ गया। लंबे समय से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
कोतवाली व नवाबाद थाना क्षेत्र में मादक पदार्थ की बिक्री के लिए चर्चित तस्करों के सरगना कामरान पुत्र शंभू पहलवान निवासी मुकरियाना कोतवाली को कई बार पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया मगर सफलता नहीं मिली। पिछले दिनों कोतवाली प्रभारी ने उन्नाव गेट पर छापा मारकर वसीम उर्फ कल्लू निवासी चमरियाना गढ़िया फाटक प्रेमनगर और सलमान निवासी मो. कुम्हरियाना कोतवाली को गिरफ्तार किया था और कामरान भाग निकला था। उनके पास से बड़ी मात्रा में स्मैक, चरस व गांजा पुलिस ने बरामद किया था। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वह कामरान के लिए काम करते हैं। उनका काम मादक पदार्थों की बिक्री करना है, जिसके एवज में उन्हें मेहनताना व कमीशन मिलता है। तभी से कोतवाली पुलिस सरगना की सरगर्मी से तलाश कर रही थी।
कोतवाली प्रभारी जेपी यादव ने बताया कि सोमवार को उन्हें सूचना मिली कि कामरान उन्नाव गेट बाहर खड़ा हुआ है। इस पर उन्होंने पुलिस टीम के साथ सादे कपड़ों में घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
फायरिंग के मामले में भी पुलिस को थी तलाश
थापक बाग में सात अगस्त को हुई फायरिंग व पथराव के मामले में भी पुलिस को कामरान की तलाश थी। पुलिस ने बताया कि कामरान के समर्थकों ने भी फायरिंग की थी। इस मामले में राज मिश्रा, हरपन कुशवाहा, बंटी कुशवाहा, मो. शबाब व विनोद पायलट को भी नामजद किया गया था, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।