खेत में मवेशी जाने की बात को लेकर चरवा के लोकीपुर गांव में दबंगों ने अधेड़ को पीटकर अधमरा कर दिया। मारपीट देख खेतों में मौजूद गांव के अन्य लोग भागकर मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करते हुए मामला शांत कराया। दबंगों की पिटाई के बाद थाने पहुंचे भुक्तभोगी ने घटना की नामजद तहरीर पुलिस को दी। घायल को प्राथमिक उपचार कराने के बाद पुलिस ने हमलावर युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
चरवा थाना क्षेत्र के लोकीपुर गांव निवासी राम कृपाल पुत्र राम औतार पशु पालक है। बताया कि बुधवार की सुबह वह मवेशी चराने के लिए गांव के बाहर खेत की ओर गया था। इस दौरान उसके मवेशी पड़ोसी के खेत में चले गए। उधर फसल नष्ट होने की जानकारी मिलते ही किसान मौके पर पहुंचा। मवेशी से फसल चराए जाने का विरोध करने पर दोनों के बीच तीखी झड़प हो गई। इस दौरान दबंगों ने रामकृपाल को पीटकर अधमरा कर दिया। अधेड़ को पिटता देख खेत में मौजूद गांव के अन्य लोग भागकर मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करते हुए अधेड़ की जान बचाई। ग्रामीणों के हस्ताक्षेप पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। पुलिस ने घायल अधेड़ का प्राथमिक उपचार कराने के बाद हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। दबंगों की पिटाई के बाद से भुक्तभोगी डरा-सहमा हुआ है।