भरवारी (कौशाम्बी)। रेल पटरी की मरम्मत के लिए आई टीटीएम ट्रेन में शनिवार को अपराह्न करीब 2.39 बजे बिदनपुर स्टेशन के समीप आग लग गई। टीटीएम ट्रेन से उठती लपटें और धुएं का गुबार देख कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने विभागीय उच्चाधिकारियों के साथ दमकल को सूचना दी। घंटों जूझने के बाद दमकलकर्मी टीटीएम ट्रेन की आग बुझा सके। उधर, आग की तपिश से बिदनपुर के समीप छह फिट पटरी गल गई। इससे दिल्ली-हावड़ा मार्ग करीब 4.14 घंटे तक बाधित रहा। इसके बाद वन-वे करके इस रूट की ट्रेनों को संचालित कराया गया।
कौशाम्बी से होकर दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग गुजरा है। इसी रेल रूट की पटरियों की मरम्मत के लिए शनिवार को टीटीएम ट्रेन आई थी। बताया जाता है कि पटरियों की मरम्मत करते हुए अपराह्न करीब 2.39 बजे जैसे ही टीटीएम ट्रेन भरवारी और सिराथू स्टेशन के बीच बिदनपुर के समीप पहुंची। अचानक टीटीएम ट्रेन के इंजन में आग लग गई। टीटीएम ट्रेन से उठती लपटें और धुएं का गुबार देख पटरी की मरम्मत का कामकाज देख रहे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना इलाहाबाद में विभागीय अधिकारियों की दी गई।
इसके बाद पहुंचे दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने से टीटीएम ट्रेन का इंजन खराब हो गया है। वहीं भीषण आग की तपिश से बिदनपुर के समीप डाउन लाइन की करीब छह फिट पटरी भी गल गई है। इससे दिल्ली से हावड़ा रूट करीब 4.14 घंटे तक बाधित रहा। भरवारी स्टेशन के स्टेशन मास्टर आरबी यादव ने बताया की टीटीएम ट्रेन में आग लगने से दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग अपराह्न 2.39 बजे से लेकर 6.53 बजे तक बाधित रहा। घंटों की मशक्कत के बाद रेलमार्ग को ठीक किया गया। इसके बाद इस रूट पर दुबारा ट्रेनों का संचालन शुरू हो सका है। वहीं टीटीएम ट्रेन में आग कैसे लगी? इसकी फिलहाल कोई जानकारी मौके पर मौजूद कर्मचारी नहीं दे सके हैं।