सरायअकिल इलाके की एक छात्रा को अगवा कर पड़ोसी गांव के युवक महीने भर उसकी अस्मत से खेलते रहे। हवस मिटाने के बाद उसे गांव के समीप छोड़कर भाग निकले। बदहवास हालत में घर पहुंची पीड़िता ने आपबीती परिजनों को बताई। आरोप है कि नामजद शिकायत करने पर पुलिस ने उसे डांटकर भगा दिया। सोमवार को पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से करते हुए न्याय की गुहार लगाई। एसपी ने पीड़िता को जांच कराकर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
सरायअकिल इलाके के एक गांव की किशोरी स्थानीय एक इंटर कालेज की छात्रा है। बताया कि 24 जुलाई की शाम पड़ोसी गांव के तीन युवकों ने उसे अगवा कर लिया। पीड़िता के पिता ने बताया कि दो दिन तक खोजबीन करने के बाद 26 जुलाई को उन्होंने थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी। 29 अगस्त की शाम बेटी बदहवास हालत में घर पहुंची तो परिजनों के होश उड़ गए। पीड़िता ने पड़ोसी गांव के तीन युवकों पर अगवा कर दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए आपबीती परिजनों को बताई।
पीड़िता के पिता का आरोप है अगवा कर दुराचार करने की नामजद शिकायत करने पर पुलिस ने उसे डांटकर थाने से भगा दिया। इलाकाई पुलिस से न्याय नहीं मिलता देख भुक्तभोगी पिता सोमवार को मंझनपुर पहुंचा और घटना की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। एसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने पीड़ित पिता को जांच और कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। उधर दुराचारियों की मिल रही धमकी से पीड़ित परिवार डरा-सहमा है। एसओ ने बताया कि फिलहाल उन्हें ऐसी जानकारी नहीं है। यदि शिकायत मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।