महेवाघाट थाना क्षेत्र में रविवार रात बदमाशों ने ट्रक चालक को पीटते हुए साथ रहे अधेड़ से 50 हजार रुपये लूट लिए। सरेराह हुई लूट की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना महेवाघाट के साथ पश्चिमशरीरा पुलिस मौके पर पहुंची। छानबीन के बाद उसने ट्रक चालक और साथ रहे एक मजदूर को जब कर्रा किया तो उसने परत-दर-परत रहस्य खोल दिए। एसओ ने बताया कि ट्रक में सवार मजदूरों ने ही बदमाश मिलने का बहाना बता कर खुद लूट की घटना अंजाम दी। भुक्तभोगी की तहरीर पर पुलिस ने ट्रक में सवार रहे पांच मजदूरों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पश्चिमशरीरा थाना क्षेत्र के बाकरगंज गांव निवासी मोतीलाल पुत्र चोखेलाल ने बताया कि मकान निर्माण के लिए उसे भरतकूप गिट्टी की आवश्यकता थी। इस पर उसने रविवार शाम स्थानीय एक ईंट भट्ठे से चित्रकूट जाने वाले ट्रक चालक से गिट्टी लाने के लिए तय किया। इसके बाद रात घर से 50 हजार रुपये लेकर वह गिट्टी लेेने के लिए ट्रक से चित्रकूट के लिए निकला। बताया कि महेवाघाट के भगवतपुर और शाहपुर के जंगल के बीच ट्रक में सवार मजदूर बदमाश-बदमाश चिल्लाते हुए ट्रक को रुकवा लिया। इसके बाद ट्रक चालक के पास दो लोग पहुंचे और उसकी पिटाई करने के पास मेरे पास आए और 50 हजार हजार रुपये लूट लिए।
सरेराह लूट की वारदात अंजाम देने के बाद बदमाश भाग निकले। सूचना पर महेवाघाट के साथ पश्चिमशरीरा पुलिस मौके पर पहुंची। जांच पड़ताल के बाद शक होने पर पुलिस ने चालक और उसके साथ रहे मजदूर महेश को कर्रा किया तो उसने लूट का रहस्य खोल दिया। पुलिस ने दो मजदूरों को हिरासत में लेते हुए भुक्तभोगी की तहरीर पर कमलेश कुमार, बली, मंगल प्रसाद, महेश प्रसाद और छोटेलाल के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया है। एसओ ने बताया कि ट्रक में सवार मजदूरों ने ही लूट की वारदात अंजाम दी। फरार लुटेरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया जाएगा।