कोखराज कोतवाली क्षेत्र के रामपुर सुहेला गांव के दो युवकों ने पड़ोसी को दो लाख रुपये का चूना लगा दिया। साल भर पहले विदेश भेजवाने के नाम उससे दो किश्तों में रकम ली गई। इधर वीजा-पासपोर्ट नहीं मिलने पर युवक ने पैसे की मांग की तो उसे पहले आजकल कहकर टरकाया जा रहा था। और अब उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही है। जालसाजो की धमकी और मोटी रकम डूबती देख शुक्रवार को भुक्तभोगी कोतवाली पहुंचा और घटना की नामजद तहरीर पुलिस को दी। ठगी का शिकार हुए युवक की तहरीर पर दो जालसाजों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है।
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के रामपुर सुहेला गांव का रहने वाला मोहम्मद नसीम पुत्र मोहम्मद अहमद बेरोजगार है। बताया कि साल भर पहले गांव के रहने वाले मेराज और तम्मो ने उसे विदेश भेजने की बात कही। विदेश में अच्छी नौकरी दिलाने के लिए उससे दो लाख रुपये में सौदा तय किया। इसके बाद उससे दो किश्तों में पैसा भी ले लिया। छह महीने बाद जब उसने बीजा और पासपोर्ट मांगा तो उसे अगले महीने देने की बात कही गई। इसके बाद भी जब उसे विदेश में नौकरी के लिए नहीं भेजा गया तो वह पैसे की मांग करने लगा। बताया कि पैसा न देकर उसे फरेबी युवक जान से मारने की धमकी दे रहे है। कमाई की रकम डूबती देख भुक्तभोगी शुक्रवार को कोखराज कोतवाली पहुंचा और मामले की नामजद शिकायत पुलिस से की। भुक्तभोगी युवक की तहरीर पर पुलिस ने दो फरेबी युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि मामले की तफ्तीश और फरेबी युवकों की तलाश की जा रही है।