रियाद में नौकरी दिलाने के नाम पर सैनी के अफजलपुर सातो गांव के युवक को पड़ोसी जालसाज ने दो लाख रुपये का चूना लगा दिया। साल भर पहले दोनों के बीच सौदा तय हुआ था। काम नहीं होने पर जब युवक ने पैैसा मांगना शुरू किया तो उसे जान से मारने की धमकी दी जाने लगी। सोमवार को भुक्तभोगी युवक की तहरीर पर पुलिस ने फरेबी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के अफजलपुर सातो गांव निवासी शुएब अहमद बेरोजगार है। बताया कि साल भर पहले गांव का ही एक युवक उसे रियाद में नौकरी दिलाने के लिए वीजा और पासपोर्ट के नाम पर दो लाख रुपये लिए थे। दो किस्तों में युवक ने रकम भी दे दी। समय अधिक बीतने के बाद जब उसने वीजा और पासपोर्ट की मांग की तो वह आज कल कहते हुए टरकाने लगा। मोटी रकम डूबती देख युवक ने परिजनों के साथ फरेबी के घर उलाहना भी दिया। पखवारे भर पहले जब वह फिर जालसाज के घर पैसा मांगने गया तो उसे जान से मारने की धमकी देते हुए दौड़ा लिया गया। पड़ोसी युवक की करतूत से परेशान भुक्तभोगी सोमवार को सैनी कोतवाली पहुंचा और घटना की नामजद तहरीर पुलिस को दी। ठगी के शिकार युवक की तहरीर पर पुलिस ने जालसाज के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक सैनी दिनेश सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।