कोखराज कोतवाली क्षेत्र के बरीपुर गांव के लापता युवक की संदिग्ध दशा में मौत हो गई। बृहस्पतिवार की सुबह युवक की लाश गांव के समीप तिल के खेत में पड़ी मिली। तीन दिन पहले युवक बैरियर से ड्यूटी करके घर के लिए निकला था। इसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के बरीपुर गांव का मुन्नीलाल (40) पुत्र रामकिशोर हाईवे पर टोल प्लाजा बैरियर में काम करता था। शनिवार सुबह ड्यूटी पर जाने के बाद से वह घर नहीं लौटा। मृतक के भाई महेश की मानें तो खोजबीन से जब पता नहीं चला तो परिजनों ने सोचा कहीं रिश्तेदारी में चला गया होगा। बृहस्पतिवार सुबह खेत की ओर गए गांव के लोगों को तिल के खेत से दुर्गंध आती और चील-कौओं के मंडराने से कुछ शक हुआ। जब लोग खेत के अंदर दाखिल हुए तो पाया वहां युवक की लाश पड़ी थी। खेत में शव देख सनसनी फैल गई। सूचना पर घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
युवक की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा है। सीओ सिराथू जनार्दन तिवारी ने बताया युवक शराब का लती था। रात अंधेरे में वह बैरियर से घर के लिए निकला था। नशे में होने के कारण वह खेत में गिर गया होगा। अब युवक की मौत अधिक शराब पीने से हुई या फिर किसी जहरीले कीड़े के काटने से। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तफ्तीश के बाद ही कुछ कहना संभव होगा। फिलहाल परिवार के लोग भी कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं। घटना की गंभीरता से जांच पड़ताल कराई जा रही है। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।