बकरी बांधने की जंजीर चोरी होने के विवाद में महेवा गांव के एक व्यक्ति ने परिजनों के साथ मिलकर पड़ोसी दंपती और उसके बेटे की जमकर पिटाई की। चीख-पुकार पर गांववालों के दौड़ने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। थाने में तहरीर लेकर जाने पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय भुक्तभोगी परिवार को डांटकर भगा दिया। पीड़ित परिवार ने रविवार को इसकी शिकायत एसपी से की है।
कोखराज थाना क्षेत्र के महेवा गांव की रजनी देवी पत्नी बच्चालाल ने बताया कि शनिवार शाम किसी ने उसकी बकरी की जंजीर चोरी कर ली। वह जंजीर की खोजबीन में गांव के एक-एक व्यक्ति के घर जाकर पूछताछ कर रही थी। आरोप है कि इसी बात को लेकर पड़ोसी उससे भिड़ गए। कहासुनी के दौरान पड़ोसी ने अपने घरवालों के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी। मारपीट होती देख बीच-बचाव करने पहुुंचे बेटे रामू और पति बच्चालाल को भी हमलावरों ने लाठी-डंडे से बेरहमी से पीटा।
चीख-पुकार पर गांववालों के दौड़ने पर हमलावर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। पिटाई से घायल दंपति और उसके परिवार के अन्य सदस्य कोखराज थाने गए और हमलावरों के खिलाफ नामजद तहरीर पुलिस को दी। आरोप है कि तहरीर देने जाने पर पुलिस ने डांटकर थाने से भगा दिया। इलाकाई पुलिस की मनमानी से परेशान पीड़ित परिवार ने रविवार को मंझनपुर पहुंचकर हमलावरों के साथ ही कोखराज पुलिस द्वारा रिपोर्ट नहीं लिखे जाने की शिकायत जिलाधिकारी और प्रभारी पुलिस अधीक्षक से की। एसपी ने एसओ कोखराज को प्रकरण की जांच करके कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।