खेत में मवेशी चले जाने को लेकर म्योहर गांव के अधेड़ को पड़ोसियों ने पीटकर लहूलुहान कर दिया। चीख-पुकार पर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया। गांववालों के पहुंचने पर हमलावर अधेड़ को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। घायल अधेड़ को घरवालों ने नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गांव के ही पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
करारी थाना क्षेत्र के म्योहर गांव का कुंवारे लाल (55) पुत्र जंगली किसान है। रविवार की शाम वह मवेशियों को चराने के लिए खेत की ओर लेकर गया था। चरते समय उसके जानवर पड़ोसी के खेत में चले गए थे। बताया कि वह खेत से जानवरों को हांक रहा था, तभी वहां खेत मालिक आ गया। जान-बूझकर फसल चराने का आरोप लगाते हुए वह उससे भिड़ गया। कहासुनी के साथ ही पड़ोसी और उसके घरवालों ने लाठी-डंडे से उसकी पिटाई कर दी। हमले से वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। मारपीट की चीख-पुकार सुनकर अधेड़ के परिजन और गांववाले दौड़े। ग्रामीणों ने बीच-बचाव करके अधेड़ की जान बचाई। ग्रामीणों के आने पर हमलावर उसे जान से मारने की धमकी देते ह़ुए भाग निकले। दबंगों की पिटाई से घायल अधेड़ को लेकर घरवाले थाने पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। भुक्तभोगी की तहरीर पर पुलिस ने हमलावर श्रीनाथ, गोले, लवकुश समेत पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर घायल को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती करा दिया है। मारपीट की घटना को लेकर दोनों परिवारों में तनातनी बनी हुई है।