भूमि विवाद में करारी के छोटा पचंभा गांव में पट्टीदारों ने एक महिला को बेरहमी से पीटा और बाइक से पेट्रोल निकालकर जिंदा जलाने की कोशिश की। थाने पहुंची पीड़िता को पुलिस ने डांटकर भगा दिया। इससे आहत महिला ने रविवार को घटना की शिकायत एसपी से की। उक्त गांव की केतकी देवी पत्नी अभयलाल ने बताया कि वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान है और मायके में ही रहती है। पट्टीदार उसके हिस्से की जमीन हड़पने की कोशिश में लगे हैं। उसने अपने हिस्से की जमीन पर 10 दिन पहले अरहर की फसल की बुआई कराई थी।
आरोप है कि शुक्रवार को पट्टीदारों ने ट्रैक्टर लगवाकर पूरी फसल नष्ट करा दी। विरोध करने पर उसकी बेरहमी से पिटाई की। इतना ही नहीं पट्टीदारों ने बाइक से पट्रोल निकालकर उसके ऊपर छिड़क दिया और जिंदा जलाने की कोशिश की। जब तक वह आग लगाता, चीख-पुकार पर गांववाले पहुंच गए। ग्रामीणों के बीच बचाव से उसकी जान बच सकी। इसके बाद हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। वह घटना की शिकायत करने करारी थाने गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बजाए उसे डांटकर थाने से भगा दिया। इलाकाई पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने पर विवाहिता ने रविवार को इसकी शिकायत एसपी से की। विवाहिता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक एसए पंकज ने प्रकरण की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश एसओ करारी को दिया है।