सरायअकिल-कौशाम्बी मार्ग पर जयंतीपुर गांव के समीप शनिवार की सुबह सड़क पार कर रहे मवेशी को बचाने के चक्कर में सवारियों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। आस-पास गांव के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को देते हुए बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बस चालक और कंडक्टर हादसे के बाद भाग निकले।
इलाहाबाद से सवारी लेकर कौशाम्बी जा रही प्राइवेट बस सरायअकिल के जयंतीपुर गांव के समीप सड़क पार कर रहे मवेशी को बचाने के चक्कर में पलट गई। इससे बस में सवार सुनीता देवी (27) पत्नी राधेश्याम निवासी मेडुआ सलेमपुर, चंद्रभान सिंह (60) पुत्र कल्लू निवासी लालापुर, राजेन्द्र प्रसाद (40) पुत्र सुग्गीलाल निवासी इमलीगांव, विकास कुमार (15) पुत्र श्रवण कुमार निवासी पाली कौशाम्बी, शिवकुमार (30) पुत्र राजाराम, ममता देवी (28) पुत्री राजाराम निवासी पिंडरा करारी, संतोष कुमार (40) पुत्र रघुवारी निवासी पश्चिमशरीरा, बलराज (45) पुत्र अमर सिंह निवासी कनैली, रीना देवी (23) पत्नी गुड्डू निवासी पुरखास, शिवमोहन (57) पुत्र रामराज निवासी सुधवर, रानी देवी (26) पुत्री राजकुमार, राजेश कुमार (40) समेत एक दर्जन मुसाफिर घायल हो गए।
हादसा देख आस-पास गांवों के लोग भागकर मौके पर पहुंचे और बस में फंसे घायलों को बाहर निकालते हुए हादसे की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के बाद बस के चालक और कंडक्टर मौके से भाग निकले।