नगर कोतवाली क्षेत्र के गौरा गांव में रविवार की शाम एक विवाहिता घर के भीतर धू-धूकर जल गई। लपटों से घिरी विवाहिता की चीखें सुनकर परिवार और गांववाले दौड़े। लोगों ने प्रयास करके किसी तरह से आग बुझाई। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने हालत नाजुक देख प्राथमिक उपचार के बाद उसे एसआरएन अस्पताल इलाहाबाद रेफर कर दिया। परिजनों का कहना है कि खाना बनाते समय यह हादसा हुआ है।
मोहब्बतपुर पइंसा थाना क्षेत्र के घटमापुर गांव की रहने वाली शकुंतला देवी (25) की शादी पांच साल पहले मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के गौरा गांव निवासी पवन कुमार से हुई थी। पवन हैंडपंप लगाने का काम करता है। रविवार की शाम उसे काम पर जाना था। पति के लिए शंकुतला देवी रसोई घर में खाना पका रही थी। इसी दौरान अचानक वह आग की चपेट में आकर धू-धूकर जलने लगी। विवाहिता की चीखें सुनकर घर परिवार के लोग दौड़े। विवाहिता को लपटों से घिरी देख परिजनों के होश उड़ गए। किसी तरह लोगों ने आग बुझाई। हालांकि जब तक परिजन आग बुझाते, विवाहिता गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां सूचना पर पुलिस के साथ अस्पताल पहुंचे तहसीलदार ने विवाहिता का बयान लिया। प्राथमिक उपचार के बाद विवाहिता की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उसे इलाहाबाद एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों की मानें तो विवाहिता 80 प्रतिशत से अधिक झुलसी है। हादसे से विवाहिता के घर-परिवार के लोगों का हाल-बेहाल है।