पुरामुफ्ती क्षेत्र के रहने वाले एक ट्रेन ड्राइवर ने शादी का झांसा देकर एक विवाहिता के साथ डेढ़ साल तक दुष्कर्म किया। शादी का दबाव बनाने पर महीने भर पहले उसने अपने परिजनों के साथ मिलकर विवाहिता और उसके पिता की बेरहमी से पिटाई की। पीड़िता ने सोमवार को घटना की शिकायत एसपी से की है। पुलिस अधीक्षक ने एसओ पुरामुफ्ती को प्रकरण की जांच करके कार्रवाई का निर्देश दिया है।
इलाहाबाद के धूमनगंज क्षेत्र स्थित नीमसराय मोहल्ले की विवाहिता ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2013 में पुरामुफ्ती क्षेत्र के एक युवक से हुई थी। शादी के बाद पारिवारिक कलह के कारण वह मायके में रहने लगी। पति से उसने संबंध विच्छेद भी कर लिया। उसका कहना है कि पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के ही रहने वाले एक ट्रेेन ड्राइवर का उसके घर आना जाना था। वह पिता की पहचान का था। पति से अलगाव होने के बाद उसने उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। आरोप है कि कई महीनों तक शादी का झांसा देकर वह महिला के साथ दुराचार करता रहा। पीड़िता की मानें तो ड्राइवर उसे अपने साथ मुरादाबाद भी ले गया।
वहां रेलवे कॉलोनी में रखकर उसने उसके साथ लगभग साल भर मनमानी की। वह जब शादी करने का जोर देने लगी तो करीब दो महीने पहले वह यह कहकर अपने घर पुरामुफ्ती ले आया कि गांव में ही शादी की जाएगी। आरोप है कि माह भर पहले पीड़िता का पिता उसके घर आया था। पिता के साथ मिलकर उसने फिर से ट्रेन ड्राइवर पर शादी करने का दबाव बनाया तो उसने अपने परिवार वालों के साथ मिलकर दोनों की पिटाई की। पीटने के बाद घर से भी भगा दिया। पीड़िता ने बताया कि इस मामले को लेकर कई बार पंचायत भी हो चुकी है। मगर ड्राइवर किसी भी कीमत पर अब शादी करने को राजी नहीं है। उसने इसकी शिकायत थाने में भी की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। सोमवार को पीड़िता ने एसपी से शिकायत की।