गुरु और शिष्य के रिश्ते को कलंकित करते हुए सोमवार को पिपरी इलाके के एक प्राइमरी स्कूल के अध्यापक ने चौथी क्लास की मासूम छात्रा से दुष्कर्म की कोशिश की। चिल्लाने पर उसे डांटकर भगा दिया। सिसकते हुए घर लौटी छात्रा ने मास्टर की करतूत घरवालों को बताई। भुक्तभोगी पिता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज करते हुए अभियुक्त शिक्षक को धर दबोचा। मामले में बीएसए अशोक कुमार सिंह यादव ने बताया कि विभागीय जांच कराकर शिक्षक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
पिपरी थाना क्षेत्र के एक गांव की 9 वर्षीय बालिका गांव के ही प्राथमिक स्कूल में चौथी क्लास में पढ़ती है। सोमवार की सुबह भी वह स्कूल गई थी। छात्रा के मुताबिक स्कूल के अवधेश पाल नामक एक अध्यापक ने उसे अकेले कमरे में बुलाया और हैवानियत करने लगे। वह रोने लगी तो उसे डांटकर भगा दिया। मास्टर की मनमानी से सहमी छात्रा सिसकते हुए घर पहुंची। उसे रोते देख घरवाले पूछताछ करने लगे। फूट-फूटकर रोते हुए उसने गांव के ही रहने वाले मास्टर की सारी कारस्तानी मां और परिवार के अन्य सदस्यों को बता दी। मास्टर की हैवानियत भरी करतूत सुन घरवाले सन्न रह गए। गुस्साए परिजन तत्काल स्कूल पहुंचे लेकिन घटना के बाद मास्टर स्कूल छोड़कर चला गया था।
इसके बाद छात्रा को लेकर परिवार के लोग सीधे पिपरी थाने पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। छात्रा के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अध्यापक अवधेश पाल के खिलाफ केस दर्ज कर घर से गिरफ्तार कर लिया। एसओ पीके यादव ने बताया कि मंगलवार को अध्यापक का चालान कर दिया जाएगा। मामले में बेसिक शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार सिंह यादव ने बताया कि अभी उन्हें प्रकरण की जानकारी नहीं है। यह बहुत ही शर्मनाक और गंभीर मामला है। इसकी जांच कराई जाएगी। शिक्षक के खिलाफ थाने में अगर रिपोर्ट दर्ज है और वह गिरफ्तार हो गया है तो निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।