जमीन पर कब्जे के विवाद में रविवार को हिसामपुर बहरेमऊ गांव के एक घर में हमला करके पड़ोसियों ने जमकर उत्पात मचाया। हमला करके तोड़फोड़ और मारपीट की गई। दबंगों के उत्पात से आजिज ग्रामीणों ने सोमवार को मंझनपुर कोतवाली का घेराव किया। हमलावरों के खिलाफ एफआईआर और गिरफ्तारी की मांग की गई। अनदेखी पर गांववालों ने एसपी कार्यालय के सामने धरना देने की चेतावनी दी।
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के हिसामपुर बहरेमऊ गांव निवासी भैयालाल का पड़ोसी से जमीन को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा है। बताया जाता है कि जमीन कब्जे की पुरानी रंजिश को लेकर रविवार रात करीब 8 बजे विपक्षियों ने उसके घर पर हमला कर दिया। लाठी-डंडे से लैस हमलावरों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की। विरोध करने पर भैयालाल, तीरथराज और परिवार के अन्य सदस्यों को पीटकर लहूलुहान कर दिया। चीख-पुकार पर जुटे ग्रामीणों ने बीच बचाव किया। गांववालों के आने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
इधर, दबंग पड़ोसी के हमले से पीड़ित परिवार और गांववालों का गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार को लोगों ने आकर मंझनपुर कोतवाली का घेराव किया। कोतवाल को तहरीर देकर हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके गिरफ्तारी की मांग की। गिरफ्तारी नहीं किए जाने पर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने धरना देने की चेतावनी भी दी। मामले में कोतवाल रज्जनलाल ने बताया कि जमीन विवाद में सिर्फ मारपीट की घटना हुई है। जांच करके हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं रविवार की रात हुई घटना से दोनों परिवारों के बीच तनातनी बनी है। गांववालों का भी कहना है कि यदि पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए विवाद का निस्तारण नहीं कराया, तो किसी भी रोज बड़ी वारदात भी संभव है।