सिराथू-मंझनपुर मार्ग पर कोर्रई गांव के समीप सोमवार को टेंपो-ट्रक और बाइक की टक्कर में मदरसे के एक अध्यापक सहित दो लोगों की जान चली गई। हादसा बाइक सवार के टेंपो को ओवरटेक करने के चलते हुआ।
नगर कोतवाली के छेगरियन का पुरा गांव निवासी कुलदीप (22) पुत्र रमाशंकर तिवारी सोमवार दोपहर घर से बाइक लेकर से सिराथू की ओर जा रहा था। जैसे ही वह कोर्रई गांव के समीप पहुंचा। आगे जा रहे टेंपो को ओवरटेक करते समय सामने से ट्रक आ गया। वह बाइक लेकर ट्रक और टेंपो के बीच फंस गया। ट्रक और टेंपो की चपेट में आने से बाइक सवार कुलदीप और टेंपो में सवार मदरसे के शिक्षक असगर अली रजा (35) पुत्र मोहम्मद वारिस निवासी दरभंगा बिहार की मौत हो गई। दुर्घटना से मौके पर हड़कंप मच गया।
चीखते-चिल्लाते जब तक लोग पहुंचते, ट्रक लेकर चालक भाग चुका था। सूचना पर मंझनपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया। खबर लगते ही परिवार के लोग रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। बता दें कि शिक्षक असगर अली की ससुराल सैनी कोतवाली के गाजी का पुरा गांव में है। वह पत्नी, बच्चों के साथ ससुराल में ही रहता था।