चरवा थाना क्षेत्र रतगहा गांव छुट्टी पर आए नायब सूबेदार को पड़ोसियों ने पीटकर नगदी, जंजीर छीन लिया। भाई को अभद्रता पूर्ण शब्द कहने का विरोध करने पर पिटाई की। मारपीट और लूटपाट करने के बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। भुक्तभोगी की तहरीर पर बाप-बेटे समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
चरवा थाना क्षेत्र के रतगहा गांव निवासी जितेन्द्र कुमार फौज में नायब सूबेदार हैं। दो दिन पहले वह छुट्टी पर गांव आए थे। बताया कि शनिवार की शाम वह घूमने के लिए खेत की ओर गए थे। इसी दौरान गांव के कुछ दबंग उनके प्रधान भाई के खिलाफ फब्तियां कस रहे थे। भाई पर अभद्रता उन्हें नगवार गुजरी। विरोध करने पर दबंगों ने पीटते हुए नगदी और सोने की जंजीर छीन लिया।
मारपीट के साथ लूटपाट करने के बाद जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। सुबह पुरामुफ्ती थाने पहुंचे भुक्तभोगी ने घटना की नामजद तहरीर पुलिस को दी। भुक्तभोगी फौजी की तहरीर पर पुलिस ने पिता-पुत्र समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।