द्वाबा में एक फिर बाइक चोरों का गिरोह सक्रिय हो गया है। मंगलवार को इस गैंग के सदस्यों ने मंझनपुर स्थित समाजवादी कार्यालय के सामने और करारी रिजवी कालेज के समीप खड़ी बाइक पार कर दी। भुक्तभोगियों की शिकायत पर पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान शुरू करके चोरों की धरपकड़ की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने बाइक चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
करारी थाना क्षेत्र के छोटा पचंभा गांव निवासी ध्यानराज सिंह समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता हैं। मंगलवार को वह बाइक से मंझनपुर स्थित पार्टी कार्यालय आए थे। कार्यालय परिसर के बाहर उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल खड़ी की थी। दफ्तर के भीतर जाकर वे वहां मौजूद पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं से करीब घंटेभर तक बातें करते रहे। वहां से वह बाहर निकले, तो कार्यालय परिसर के बाहर खड़ी उनकी बाइक गायब थी। यह देखकर वह सन्न रह गए। उन्होंने घटना की जानकारी मंझनपुर कोतवाली पुलिस को दी। उधर, सपा कार्यकर्ता की पार्टी कार्यालय के बाहर से बाइक चोरी जाने की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कस्बे से बाहर जाने वाले सभी रास्तों पर पुलिस ने वाहन चेकिंग शुरू कराई। घंटेभर तक पूरे जिले में वाहन चेकिंग कराई जाती रही, लेकिन चोरी हुई बाइक और चोर हाथ नहीं लगे। पुलिस ने सपा कार्यकर्ता की तहरीर पर बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
इसी तरह करारी रिजवी कालेज के समीप से नारा गांव निवासी बिहारी लाल की मोटरसाइकिल बुधवार को चोरों ने पार कर दी। कालेज के समीप एक दुकान के सामने उसने अपनी बाइक खड़ी की थी। करीब आधे घंटे बाद वह लौटा, तो उसकी मोटरसाइकिल गायब थी। काफी देर तक वह बाइक की खोजबीन में लगा रहा, लेकिन कहीं सुराग नहीं लगा। भुक्तभोगी ने बाइक चोरी होने की तहरीर करारी पुलिस को दे दी है।