मंझनपुर। करारी के सोनारन टोला मोहल्ले में शनिवार की रात एक घर में आग लग गई। इससे बर्तन, बिस्तर, कपड़े, खाद्यान्न समेत पूरी गृहस्थी चल गई। मकान से उठती लपटें और चीख-पुकार पर जुटे मोहल्लेवालों ने घंटों जूझने के बाद आग पर काबू पाया। माना जा रहा है कि बिजली की शार्टसर्किट से यह हादसा हुआ है। आग में घर-गृहस्थी स्वाहा होने से पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है।
करारी कस्बे के सोनारन टोला निवासी साबिर अली उर्फ पुर्रा और उसके लड़के कपड़ों की सिलाई करते हैं। साबिर ने बताया कि रात परिवार के लोग खाना खाने के बाद सोने की तैयारी में लगे थे। इसी बीच अचानक उसके घर में आग लग गई। धू-धूकर मकान का छप्पर जलता घरवाले सन्न रह गए। चीखते-चिल्लाते पूरा परिवार जान बचाकर बाहर को भागा। उधर, मकान से उठती लपटें, धुएं का गुबार और चीख-पुकार से पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया। शोर मचाते हुए कस्बे के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की जानकारी इलाकाई पुलिस और दमकल को देते हुए मोहल्ले के लोग आग बुझाने में जुटे। करीब दो घंटे तक जूझने के मोहल्लेवाले आग पर काबू पा सके। हालांकि जब तक आग बुझती। मकान के साथ ही बर्तन, बिस्तर, कपड़े, चारपाई, खाद्यान्न समेत साबिर अली की गृहस्थी का सारा सामान जल चुका था। घर में आग कैसे लगी? इसकी सही जानकारी किसी को नहीं है। फिलहाल परिजन और मोहल्ले वालों का मानना है कि बिजली की शार्टसर्किट से यह हादसा हुआ है।