पिपरी इलाके की एक किशोरी के साथ शुक्रवार की शाम पड़ोसी युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। किशोरी दुकान में बैठी थी। वहां युवक सिगरेट लेने आया था। किशोरी के चीखने-चिल्लाने पर युवक भाग निकला। किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने छेड़खानी का मामला दर्ज करके घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
पिपरी थाना क्षेत्र के एक गांव के व्यक्ति ने घर में ही किराने की दुकान खोली है। शुक्रवार की शाम करीब 7.30 बजे उसकी 17 वर्षीय बेटी दुकान में बैठी थी। तभी गांव का ही एक युवक सिगरेट खरीदने के लिए दुकान पर आया। उसने किशोरी को दुकान में अकेली देखा, तो दबोचकर उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश करने लगा। पड़ोसी युवक की हरकतें देख किशोरी चीखने-चिल्लाने लगी। चीख-पुकार सुनकर घर के भीतर रहे परिजन और आसपास के लोग दौड़े।
परिवार के लोगों के दौड़ने पर युवक किशोरी को कुछ भी बताने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। उधर, परिजनों के आने पर किशोरी ने युवक की सारी कारस्तानी बता दी। घटना सुनकर घर-परिवार के लोग सन्न रह गए। किशोरी के पिता ने पिपरी थाने जाकर घटना की जानकारी दी। भुक्तभोगी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ विनोद यादव ने बताया कि किशोरी के साथ छेड़खानी होने की घटना सामने आई है। वहीं घटना को लेकर दोनों परिवारों में तनातनी बनी है।